- फोटो,वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे 10 लाख रुपये
- तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, दो को पुलिस ने जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। एक मोहल्ला निवासी 17 वर्ष की 10 वीं छात्रा के साथ दो युवकों ने अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान छात्रा के फोटो और वीडियो बना ली। आरोपी अब फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे। ऐसा ना करने के ऐवज में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इससे आहत होकर दुष्कर्म पीड़िता ने जाने देने के लिए तेजाब पी लिया। अस्पताल मे होश में आने के बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता के भाई की ओर से सरधना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पोक्सो, रंगदारी मांगने, आत्महत्या के लिए मजबूर करने आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस ने सोमवार को दो नामजद मुख्य आरोपियों अमान और अमन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पीड़िता के भाई ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बहन कस्बे के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा है। पिछले चार माह से ट्यूशन पढ़ने जाती थी। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले के दो युवक अमान और अमन उसे रास्ते में रोककर लगातार छेड़छाड़ करते थे और विरोध करने या किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते थे।
पीड़ित के अनुसार, 26 मई को ट्यूशन से लौटते समय दोनों आरोपियों अमान और अमन ने उसे जबरन कार में बैठाकर दुष्कर्म किया तथा अश्लील फोटो भी खींच लिए और वीडियो बना ली। इसके बाद फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया गया।
पीड़िता के भाई का आरोप है कि 28 जुलाई को एक अन्य युवक जुबैर ने छात्रा को फोन कर उसके पास भी फोटो होने की बात कही और मिलने का दबाव बनाया। मना करने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी गई।
आरोप है कि एक अगस्त की शाम दोनों मुख्य आरोपियों अमान और अमन ने दोबारा छात्रा को रास्ते में रोककर कार में बैठाया और उसके भाई द्वारा प्लॉट बेचने का हवाला देते हुए 10 लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर फोटो वायरल करने और आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने की धमकी दी गई। इससे आहत होकर छात्रा ने घर पहुंचकर तेजाब पी लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां होश आने पर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद रविवार को छात्रा के परिजनों ने सरधना थाने पर जाकर पुलिस को घटना की जानकारी देकर तहरीर दी।
सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सोमवार को दो मुख्य आरोपियों अमान और अमन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। अस्पताल में भर्ती छात्रा की हालत ठीक होने पर बयान दर्ज कराए जाएंगे।
-