- गन्ना समिति की सामान्य निकाय की बैठक में लिया गया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड के सामान्य निकाय की बैठक में कृषकों को उन्नतशील गन्ना बीज के लिए ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और चीनी मिल के महाप्रबंधक को निर्देशित किया गया। मवाना शुगर वर्क्स में संपन्न हुई बैठक की अध्यक्षता विनोद कुमार भाटी ने की।
बैठक में फरवरी 2026 तक किए गए आय-व्यय का अवलोकन किया और उपस्थित सदस्यों द्वारा उसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। सचिव द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए कुल बजट अंकन 1191.59 लाख का विभिन्न मदों में प्रस्तावित किया। जिसके अंतर्गत अनुदान पर कृषकों को कृषि यंत्र, कीटनाशक दवा, ह्यूम पाइप देने का प्रस्ताव पारित किया और नव-निर्माण के लिए चार करोड़ और भवन मरम्मत के लिए 250 करोड़ का प्रस्ताव रखा, जिसको सर्वसम्मति से पारित किया।
सचिव द्वारा अवगत कराया गया कि समिति का ऑडिट 2017-18 तक पूर्ण हो गया है और 2018-19 का ऑडिट चल रहा है। अध्यक्ष द्वारा अपने अध्यक्षीय भाषण में समिति के कार्यों का सही से संपादन करने और कृषकों को अनुदान पर कीटनाशक, यंत्र दिलवाने के लिए निर्देशित किया गया। कृषकों को उन्नतशील गन्ना बीज के लिए ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और चीनी मिल के महाप्रबंधक को निर्देशित किया गया। अवगत कराया गया कि रविवार को गन्ना समिति परिसर में आंखों की जांच का निशुल्क कैंप लगेगा।
बैठक में उपाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, सदस्य सत्यवीर सिंह, रूप सिंह, करणवीर, अशोक, आशीष, रोहित कुमार, सतीश कुमार एवं सामान्य निकाय के अधिकतर प्रतिनिधियों व गन्ना समिति के सचिव विक्रम बहादुर सिंह एवं ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक भूपेश कुमार राय व संबंधित चीनी मिल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सहकारी गन्ना विकास समिति लि. के सामान्य निकाय की बैठक में संबोधित करते समिति चेयरमैन विनोद भाट- फोटो : credit