कंकरखेड़ा। दायमपुर गांव में तीन माह के मासूम तनिष्क की शनिवार रात तबियत खराब होने के बाद रविवार सुबह अचानक मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक बच्चे को शनिवार को टीका लगाया गया था। परिजनों ने कुछ देर तक हंगामा किया। सूचना पर पुलिस पहुंची। हालांकि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया।
दायमपुर गांव निवासी ब्रजपाल ने बताया कि वह इलेक्ट्रिक मैकेनिक हैं। उनकी शादी भराला गांव निवासी शिखा से हुई है। उनके बेटे तनिष्क को जन्म के बाद जिला अस्पताल में पहला टीका लगा था। एक माह बाद दूसरा टीका गांव में आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगाया था। उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की टीम दायमपुर में टीकाकरण के लिए पहुंची थी। परिजन तनिष्क को टीका लगवाने ले गए। अन्य बच्चों को भी टीके लगाए गए थे। परिजनों के अनुसार रात में बच्चा दूध पीने के बाद सो गया। रविवार सुबह करीब चार बजे उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। बच्चे को दूध के साथ खून की उल्टी हुई और उसे सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर आने पर जांच का कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. योगेश का कहना है कि टीकाकरण से इस तरह की घटना अमूमन नहीं होती है।