जानीखुर्द/मेरठ। कुराली बस स्टैंड पर शनिवार रात की गई कन्फेक्शनरी संचालक नरेश उर्फ भोलू की हत्या के खुलासे के लिए रविवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो उन्होेंने अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया। ग्रामीणों ने वारदात के खुलासे और आर्थिक सहायता की मांग की। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद उन्होंने अंतिम संस्कार किया।
मेरठ-बागपत हाईवे पर स्थित कुराली बस स्टैंड के पास शनिवार रात अज्ञात हमलावरों ने कन्फेक्शनरी दुकान के संचालक नरेश उर्फ भोलू (40 वर्ष) की सिर में सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। रविवार शाम लगभग पांच बजे पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव लाया गया तो परिजन का रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी नहीं पकड़े जाते और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता नहीं दी जाती तब तक वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। जानी थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों से वार्ता की। आधे घंटे बाद थाना प्रभारी ने उच्चाधिकारियों के समक्ष मांग रखकर पूरी कराने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता दिलवाने का प्रयास करने को कहा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
पुलिस ने मेरठ से बागपत तक के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। दो आरोपी वारदात कर भागते दिखाई दिए हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि नरेश का कुछ दिन पहले किसी से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उसे धमकी देने की बात सामने आई है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आशंका है कि इसी विवाद में नरेश की हत्या की गई है।
वर्जन
हत्या के खुलासे के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। कुछ दिन पहले विवाद की बात सामने आई है। इसकी पड़ताल की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। -अभिजीत कुमार, एसपी देहात