कैंची पर धार लगाते समय पत्थर फटने से कारखाना संचालक की मौत
लहूलुहान हालत में केएमसी ले गए परिजन, वहां मृत घोषित कर दिया गया
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। तारापुरी में कैंची पर धार लगाते समय पत्थर फटने से कारखाना संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला के अनुसार, लिसाड़ीगेट के तारापुरी निवासी मोहम्मद फारूख (40) का कैंची का कारखाना है। मंगलवार शाम फारूख ने कारीगर से कहा कि तुमसे कैंचियों पर धार लगाने का काम ठीक से नहीं हो रहा है, हटो मैं धार लगाता हूं। फारूक खुद ही कैंची पर धार लगाने लगा। तभी जिस पत्थर (सान) पर कैंची रगड़कर धार तेज करते हैं, वह फट गया। सान का एक नुकीला टुकड़ा फारूख के चेहरे पर लगा। उसके चेहरे से खून बहने लगा। इससे वहां अफरातफरी मच गई। परिजन फारूख को लेकर केएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ का कहना है कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फारूख के दो बेटे हैं। सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।