मेरठ। जिला समाजवादी पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सामने आ गई है। पार्टी के नेता एकजुट होने बजाय आपस में ही दो फाड़ नजर आ रहे हैं। नीट पेपर लीक मामला, देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि और सरकार की नीतियों के खिलाफ सपाई अलग-अलग गुटों में अलग-अलग दिन कमिश्नरी पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देंगे।
पहले गुट के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी के नेतृत्व में 18 मई को सुबह 10 बजे कमिश्नरी पार्क में इकट्ठा होंगे। यहां से कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर नीट पेपर लीक, महंगाई और डीजल-पेट्रोल के दामों में वृद्धि को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। जिला कार्यालय की तरफ से कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
वहीं दूसरे गुट के कार्यकर्ता पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश सचिव विपिन चौधरी के नेतृत्व में 19 मई को प्रदर्शन करेंगे। इस गुट का कहना है कि वे राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बढ़ती महंगाई, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल के दामों और किसानों को खाद की किल्लत के मुद्दे पर कमिश्नरी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च करेंगे और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देंगे। मेरठ में सपा में यह खींचतान कोई नई नहीं है लेकिन इस तरह दो अलग-अलग तारीखों पर एक ही मुद्दे पर एक ही जगह प्रदर्शन करना यह साफ दर्शाता है कि जिले में संगठन और पूर्व पदाधिकारियों के बीच आपसी तालमेल नहीं है। हालांकि वर्तमान और पूर्व दोनों जिलाध्यक्षों का कहना है आपस में कोई विरोध नहीं है। प्रदर्शन अलग-अलग करें या एक साथ सब पार्टी का ही कार्य कर रहे हैं।