संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द। जानी स्थित सीएलएम इंटर कॉलेज में बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने समाज को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया तथा मानव श्रृंखला बनाई।
प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12वीं तक के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर स्कूल के मुख्य हॉल में सभी पेंटिंग्स की एक विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे सभी ने खूब सराहा। प्रधानाचार्य कुसुम लता एवं कला शिक्षिका रजनी भास्कर के नेतृत्व वाले निर्णायक मंडल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कक्षा 11 की मिजरा, द्वितीय स्थान कक्षा 12 की सादिया और तृतीय स्थान कक्षा 12 की ही महक ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने इन कलाकृतियों से प्रेरणा लेते हुए आगामी चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने का संकल्प लिया।