सरधना। नगर पालिका में गृहकर एवं जलकर वसूली की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने मंगलवार को समीक्षा बैठक कर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान वसूली कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
नगर पालिका कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिशासी अधिकारी ने गृहकर और जलकर वसूली की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए वसूली अभियान में तेजी लाई जाए और प्रत्येक वसूलीकर्ता अपने आवंटित क्षेत्र में प्रभावी ढंग से कार्य करे। बैठक के बाद राजस्व निरीक्षक किशोरी सिंह ने अधिशासी अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सभी वसूलीकर्ताओं को नोटिस जारी किए।
नोटिस में वसूली कार्य में अपेक्षित प्रगति न होने पर कड़ी चेतावनी देते हुए अपने-अपने वार्डों एवं क्षेत्रों में कर वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अधिकारी ने नगर पालिका के सभी लिपिकों एवं विभिन्न पटलों के प्रभारियों को भी अपने-अपने दायित्वों का निर्वह्न समयबद्ध और नियमानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शाखाओं में कार्यों का समय पर निस्तारण किया जाए।