फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सांसद सतपाल महाराज बोले, बेटियों को मिले समाज का हर अधिकार 

Mon, 19 Dec 2016 01:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
सम्मान समारोह में मौजूद महिलाएं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद सतपाल महाराज ने कहा है कि बेटियों को समाज का हर अधिकार देना आज वक्त की जरूरत है। बेटे और बेटियों के बीच भेदभाव खत्म होना चाहिए। उन्होंने यह आह्वान रविवार को आईआईएमटी यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित ‘बेटी-बचाओ बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के तहत सम्मान समारोह में किया।
विज्ञापन


मुख्य अतिथि सतपाल महाराज ने कार्यक्रम के तहत दो या दो से अधिक बेटियों वाले माता-पिता को सम्मानित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ को आईआईएमटी यूनिवर्सिटी द्वारा जन-जन तक पहुंचाने के अभियान की सराहना की। कहा कि जो हाथ बेटियों को पालने में सुलाता है, वह संसार पर राज करता है। उन्होंने बेटियों की कमी पर चिंता जाहिर करते हुए कवि दुष्यंत कुमार की पंक्तियां पढ़ते हुए कहा कि ‘सिर्फ हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं, सारी कोशिश है कि सूरत बदलनी चाहिए’। 

सतपाल महाराज ने बेटियों को दाह-संस्कार समेत बेटों के अन्य अधिकार भी मिलने की वकालत करते हुए कहा कि इससे समाज की सोच स्वत: परिवर्तित होगी। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या जैसे अपराध को समाज के लिए घातक बताया। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई गई। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
विज्ञापन


आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम को आगे बढ़ाने और समाज को प्रोत्साहित करने के लिए आईआईएमटी यूनिवर्सिटी ने अभियान चलाने का निर्णय लिया है। ऐसे गरीब माता-पिता जो बेटियों को पालने में असमर्थ हैं, आईआईएमटी यूनिवर्सिटी उनकी हरसंभव मदद करेगा। 

यूनिवर्सिटी की प्रतिकुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने सतपाल महाराज का आभार जताया। निदेशक डॉ. सुरक्षा पाल ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया। कार्यक्रम में आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के प्रति कुलाधिपति अभिनव अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मयंक अग्रवाल, निदेशक डॉ. टीएस ईश्वरी, डॉ. निर्देश वशिष्ठ, निदेशक डॉ. अमित कंसल, निदेशक डॉ. एसके तुर, उपनिदेशक डॉ. कपिल वर्मा, डीन डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डॉ. मनोज शर्मा, विशाल शर्मा, मीडिया प्रभारी मानव शर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन संजीब मिश्रा ने किया। 

योग से बनेंगे विश्व गुरु
उन्होंने योग के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि इसके माध्यम से हम लोग फिर से विश्व गुरु बनेंगे। भारत के प्रत्येक व्यक्ति को देश निर्माण के बारे में सोचना होगा। कार्यक्रम में विधि विभाग के छात्रों ने बेटियों को समर्पित लघु नाटिका के माध्यम से दहेज प्रथा, भ्रूण जांच, बेटा-बेटी और बहू-बेटी में अंतर को मंच पर उकेरा।

नोटबंदी से होगा देश मजबूत
सतपाल महाराज ने नोटबंदी को देश को आर्थिक रूप से मजबूती देने वाला कदम बताया। कहा कि नोटंबदी के बाद देश में हालात सामान्य होने के बाद सभी राजनैतिक पार्टियों से भी पूरा हिसाब मांगा जाएगा। अगर कोई गड़बड़ करेगा तो उसे भुगतना होगा। सांसद ने कहा कि भारत को देख वेनेजुएला ने अपने यहां भी बड़े नोट बंद कर दिए हैं। रोजाना नोट पकड़े जाने की बात पर सांसद ने कहा कि आयकर विभाग सहित अन्य टीमें अपना काम कर रही हैं। देश की जनता को दिक्कतों का सामना तो करना पड़ रहा है। लेकिन वह हमारा पूरा साथ दे रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार के साथ पूरे देश की जनता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें