मेरठ। 72 यूपी बटालियन एनसीसी में शनिवार को कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें मेरठ और मुजफ्फरनगर के स्कूलों व कॉलेजों से लगभग 15 सहयोगी एनसीसी अधिकारी और 20 सीटीओ शामिल हुए। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रविंद्र सिंह भंडारी ने नए सत्र में एनसीसी के सुचारू संचालन पर जोर दिया।
कर्नल भंडारी ने कैडेटों के नामांकन, ऑनलाइन डेटा, आगामी कैंपों, चयन और पाठ्यक्रम पर चर्चा की। उन्होंने कैडेटों के प्रदर्शन के आधार पर लांस कॉरपोरल, कॉरपोरल, सार्जेंट, अंडर ऑफिसर और सीनियर अंडर ऑफिसर जैसे पद आवंटित करने को कहा। कैडेटों की भर्ती, कैंपों में चयन और एनसीसी पाठ्यक्रम चलाने की जिम्मेदारी इन्हीं अधिकारियों की होती है। एनसीसी ऑफिसर डॉ. विजयपाल सांवरिया ने कॉन्फ्रेंस में उपस्थित अधिकारियों की जानकारी दी। ऑनरेरी लेफ्टिनेंट भीमसिंह, लेफ्टिनेंट उमेश कुमार, चीफ ऑफिसर संजीव कुमार सूबेदार सुधीर कुमार और अनुज चौधरी समेत कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।