संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। रविवार को हुई बारिश के बाद तहसील रोड पर जलभराव के बीच एक बिजली के खंभे में करंट उतरने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करंट की चपेट में आई एक मासूम बच्ची को मौके पर मौजूद युवक ने साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी जान बच गई।
रिजा पुत्री सरबेज रविवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी बहन हुरैन के साथ तहसील रोड स्थित कुमार पैलेस के सामने खेल रही थी। जलभराव के बीच खड़े बिजली के खंभे में करंट उतर आया और बच्ची उसकी चपेट में आकर खंभे से चिपक गई। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच शाद नामक युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए बेल्ट की मदद से बच्ची को खंभे से अलग किया और तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने समय रहते उपचार शुरू किया, जिससे बच्ची की जान बच गई।
घटना के बाद मोहल्ले में रोष व्याप्त हो गया। लोगों ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि तहसील रोड पर लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण प्रत्येक बारिश में सड़क पर पानी भर जाता है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने नगर पालिका से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने के साथ ही बिजली के खंभों की सुरक्षा जांच कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
इस संबंध में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता अनंत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित कर्मचारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खंभे में आए फॉल्ट को ठीक कराकर लाइन को सुरक्षित कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।
चेयरपर्सन सबीला बेगम का कहना है कि जलभराव की समस्या को लेकर कस्बे में विशेष टीम लगाई गई है। बरसात को देखते हुए जल्द समाधान कराया जाएगा।