संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। थाना क्षेत्र के एक गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग पर चार साल की मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगा है। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक गांव निवासी ग्रामीण अपनी पत्नी के साथ गांव के ही पूर्व प्रधान के खेतों पर मजदूरी करने गया था। घर पर उनके बच्चे अकेले थे। शाम करीब सवा सात बजे जब मासूम की मां काम से घर लौटी तो उसे अपनी 4 वर्षीय बेटी गायब मिली। पड़ोसी ने बताया कि 65 वर्षीय वृद्ध बच्ची को लेकर जा रहा था। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि वृद्ध के घर पहुंचे तो वहां दरवाजा बंद मिला। दरवाजा नहीं खुला तो ग्रामीणों ने धक्का देकर गेट खोला। इस बीच परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो वह वहां से भाग निकला। पीड़ित पिता अपनी मासूम बेटी को लेकर देर रात थाना दौराला पहुंचा और आरोपी के विरुद्ध नामजद तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी कुलविंदर उर्फ कल्लू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेज दिया।