मुख्य बाजार में बिखरी कंक्रीट से हादसों का खतरा, पानी का छिड़काव कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। दौराला-मसूरी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में देरी और धूल की समस्या से कस्बे के व्यापारी परेशान हैं। सड़क के दोनों ओर खुदाई के बाद मुख्य मार्ग पर बिखरी कंक्रीट से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
लावड़ में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते मुख्य बाजार में दिनभर धूल उड़ने से दुकानों में रखे सामान पर धूल जम रही है। खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले दुकानदारों की परेशानी अधिक बढ़ गई है। धूल के कारण खाने-पीने की वस्तुओं के दूषित होने की आशंका बनी हुई है। इससे ग्राहकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लावड़ व्यापार संघ के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने बताया कि चौड़ीकरण कार्य के दौरान धूल नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। सड़क पर फैली कंक्रीट के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर निर्माण कार्य में तेजी लाने और मुख्य मार्ग से कंक्रीट हटवाने की मांग की है। अधिकारियों ने समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
व्यापार संघ अध्यक्ष ने नगर पंचायत की चेयरपर्सन आफताब बेगम से मुख्य बाजार में नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क का चौड़ीकरण कस्बे के लिए जरूरी है लेकिन निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने के साथ धूल पर नियंत्रण करना भी आवश्यक है।