लावड़। ईदगाह मार्ग पर स्थित मलिहानी तालाब की शुक्रवार को तहसील की टीम ने पहुंचकर पैमाइश की। पैमाइश में तालाब की काफी जमीन पर कब्जा मिला, जिसे जल्द कब्जा मुक्त कराए जाने के लिए टीम ने अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।
नगर पंचायत द्वारा तालाब की सफाई व खोदाई का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के बाद तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस कार्य से पहले शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार, लेखपाल विकास कुमार मलिहानी तालाब पहुंचे। उन्होंने नक्शे के अनुसार तालाब की पैमाइश की। रिकॉर्ड में दर्ज 3790 वर्ग मीटर रकबे की तुलना में मौके पर तालाब का क्षेत्रफल कम मिला। तालाब की लगभग 240 वर्ग मीटर भूमि चिह्नित की गई, जिस पर लोगों ने कब्जा किया हुआ है। लेखपाल विकास कुमार ने बताया कि किसी भी विवाद या तकनीकी आपत्ति से बचने के लिए तहसील स्तर से राजस्व टीम गठित कर दोबारा पैमाइश कराई जाएगी। अधिकारियों को भूमि कब्जा मुक्त कराने के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है।