- रेलवे रोड पर खंभे लगाने का लोगों ने किया था कड़ा विरोध
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। रेलवे रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से कुछ दिन पहले मार्ग के बीचों बीच खंभे लगाए दिए गए। इन खंभों को लेकर कुछ लोगों ने विरोध जताया। लोगों का कहना था कि इनके लगने से हादसे हो सकते हैं। लोगों के विरोध के बाद इन्हें अब हटा दिया गया। ऐसे में मार्ग सुदृढ़ीकरण को लेकर कोई ठोस प्लान ही नहीं बनाया गया। फिलहाल मार्ग बदहाल है। मार्ग का मरम्मत तक नहीं की जा रही।
सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। गढ़ रोड पर पिछले सालभर से भी अधिक समय से गांधी आश्रम से तेजगढ़ी तक काम चल रहा है। बच्चा पार्क से आरजी कॉलेज रोड पर भी इसी तर्ज पर काम किया जा रहा है। ऐसे ही रेलवे रोड पर भी काम किया जाना है लेकिन बिना प्लानिंग के डिवाइडर से हटाकर सड़क के बीचों बीच खंभे लगा दिए गए। इन खंभों के कारण आवागमन बाधित होने लगा और क्षेत्रीय लोगों और व्यापारियों ने मामले की शिकायत की। इसके बाद अब खंभे हटा दिए गए हैं।
मेडा उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि मार्ग का सर्वे कराकर प्लान बनाकर काम किया जाएगा। यहां यातायात का काफी दबाव है। ऐसे में विशेषज्ञों के जरिए प्लान बनाकर इस तरह से काम कराया जाएगा कि यातायात बहुत अधिक प्रभावित न हो।