14 जून को करें रक्तदान, बचाएं लोगों की जान
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 14 जून को एसजीएम गार्डन में सुबह 10 बजे लगेगा रक्तदान शिविर
मेरठ। विश्व रक्तदाता दिवस पर 14 जून को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करें। शहर में एसजीएम गार्डन लालकुर्ती में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर सुबह 10:00 बजे प्रारंभ होकर रक्तदाताओं के आने तक जारी रहेगा। खून जिंदगी का सबसे अनमोल रत्न है। एक बार दिया रक्त कई लोगों के चेहरे और जिंदगी में खुशी ला सकता है। इसी कोशिश के तहत अमर उजाला हर वर्ष रक्तदान शिविरों का आयोजन करता है। 14 जून को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आकर और रक्तदान कर स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। जिनके जरिए वह जरूरत पड़ने पर यह बाद में रक्त भी ले सकते हैं।
एक यूनिट रक्तदान बचाए चार जान
एक यूनिट रक्तदान में 350 मिलीग्राम खून लिया जाता है। रक्तदान के बाद हुई खून की कमी 24 घंटे में पूरी हो जाती है। एक यूनिट खून से एक यूनिट प्लाज्मा एक यूनिट प्लेटलेट्स, एक यूनिट आरबीसी और एक यूनिट क्रायो मिलता है। इनसे अलग-अलग चार लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। हर 3 महीने के अंतराल पर दोबारा रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान के लिए शरीर का न्यूनतम वजन 45 किलो होना चाहिए। रक्तदान पूर्व की जांच से शरीर की स्थिति का पता चलता है। हार्ट अटैक कैंसर होने की आशंका कम हो जाती है। रक्तदान के बाद होने वाली खून की जांच में एचआईवी, एचबीएसएजी, एचसीबीएल, मलेरिया का भी पता चलता है। इसकी रिपोर्ट नेगेटिव होने पर ही खून को सुरक्षित रखा जाता है। पॉजिटिव बीमारी के बारे में बता दिया जाता है।
यह लोग ना करें रक्तदान
गर्भवती महिलाएं, शुगर के मरीज, और एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति, एनीमिया, कैंसर और टीबी से पीड़ित लोग। किडनी रोग, हेपेटाइटिस बी पॉजिटिव, लीवर के मरीज, अस्थमा व पीलिया से पीड़ित मरीज रक्तदान ना करें। अगर किसी व्यक्ति ने एक महीने में किसी भी प्रकार का टीकाकरण कराया है तो वह भी रक्तदान ना करें। लगातार कई दिनों तक एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन करने वाले व्यक्ति भी रक्तदान ना करें। खाली पेट कभी भी रक्तदान ना करें। पर्याप्त पेय पदार्थ व नाश्ता जरूर लें। रक्तदान के आधे घंटे पहले तंबाकू का सेवन ना करें।