मेरठ। कोरोना को हराने के लिए शुक्रवार से स्वास्थ्य विभाग पूल सैंपलिंग करेगा। यह अभियान 8 दिन चलाया जाएगा। किस दिन किस तबके से जुड़े लोगों का कोरोना का टेस्ट होगा, इसका कैलेंडर तैयार कर लिया गया है।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि कैलेंडर के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के कोरोना जांच के लिए नमूने लिए जाएंगे। पहले दिन शुक्रवार को वृद्धाश्रम, अनाथालय आदि में रह रहे लोगों की पूल सैंपलिंग की जाएगी। शनिवार को शहरी मलिन बस्तियों, रविवार को आयुष्मान मित्र सहित अस्पताल स्टाफ, सोमवार को वेंडर, डिलीवरी बॉय और रोड साइड ढाबा और मंगलवार को होम डिलीवरी में शामिल लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। इसी तरह बुधवार को ड्राइवर, कंडक्टर, ऑटो, रिक्शा चालक-परिचालक, बृहस्पतिवार को फ्रंट लाइन कार्यकर्ता और रसायनज्ञ, शुक्रवार को गांव में आए प्रवासियों के सैंपल लिए जाएंगे। सीएमओ ने बताया कि कोरोना की रोकथाम के लिए प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद के निर्देश पर यह अभियान चलाया जाएगा। इसमें रैंडम सैंपलिंग की जाएगी। इसमें ऐसे भी रहेंगे जिनमें कोरोना जैसे लक्षण हैं और ऐसे भी होंगे, जिनमें कोई लक्षण नहीं हैं। उम्मीद है कि कोरोना रोकने में इससे मदद मिलेगी।