डॉक्टर ने गाड़ी में टक्कर मारी, विरोध करने पर रिवाल्वर तानी
मेरठ। वेस्टर्न रोड कचहरी स्थित आरजी कॉलेज के पास मंगलवार देर रात एक डॉक्टर ने अपनी गाड़ी से दूसरी गाड़ी में टक्कर मार दी। विरोध करने पर डॉक्टर दें रिवाल्वर तक तान दी। जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची। देर रात तक पुलिस मामले की छानबीन करती रही।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन निवासी आरुषि दुबलिश रात करीब दस बजे अपनी दो बहनों के साथ आरजी कालेज के पास चाट पकौड़ी खाने गई थीं। गाड़ी उन्होंने दुकान के पास ही खड़ी कर दी। आरोप है कि तभी नशे में धुत ऑडी सवार चिकित्सक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उन्होंने विरोध जताया तो अभद्रता पर उतर आए। आरोप कि उन पर रिवाल्वर भी तान दी। आसपास के लोगों ने किसी तरह चिकित्सक को काबू में किया।
सूचना पर लालकुर्ती थाना पुलिस पहुंची और चिकित्सक को थाने ले गई। आरुषि के परिजन भी थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ तहरीर दे दी है। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल चिकित्सक को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।