- शूटिंग प्रतियोगिता में तीसरे दिन 76 स्कूलों के 311 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
- 10 मीटर एयर पिस्टल में 173 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मवाना रोड स्थित एमआईईटी पब्लिक स्कूल में चल रही चार दिवसीय सीबीएसई जोन-1 शूटिंग प्रतियोगिता के तीसरे दिन 10 मीटर एयर पिस्टल में मेरठ के बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र दिव्यांश ने बाजी मारी। उन्होंने अंडर-14 वर्ग में प्रथम स्थान पाया। तीसरे दिन उत्तर भारत के विभिन्न जिलों से आए 76 स्कूलों के कुल 311 प्रतिभागियों ने निशानेबाजी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीसरे दिन रविवार को शूटरों ने 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। इनमें 10 मीटर एयर पिस्टल में 173 खिलाड़ी, 10 मीटर एयर राइफल में 138 खिलाड़ी शामिल हुए। अंडर 14 वर्ग पुरुष में 65, महिला वर्ग में 37, अंडर 17 पुरुष वर्ग में 98, महिला वर्ग में 42 और अंडर 19 पुरुष वर्ग में 41 और महिला वर्ग में 30 शूटरों ने प्रतिभाग किया। तीसरे दिन हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, खटीमा, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, बरेली, शामली, आगरा, रामपुर, संभल, मथुरा, अमरोहा और मैनपुरी सहित कुल 20 जिलों के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए। रेंज-1 के प्रभारी अभिनव चौधरी और रेंज-2 के प्रभारी जोनी चौधरी रहे। ऑब्जर्वर नरेश कुमार की निगरानी में प्रतियोगिता हुई। यहां खेल सचिव विजित चौधरी, प्रधानाचार्य रुपाली सहगल, एकता सक्सेना, मीडिया प्रभारी अजय चौधरी, अमृत, अभिषेक आदि मौजूद रहे।
यह रहे मुख्य मुकाबले
आयु वर्ग खिलाड़ी स्कोर
अंडर-14 एयर पिस्टल पुरुष : दिव्यांश नामदेव (बालेराम बृजभूषण शिशु मंदिर, मेरठ) 323/400
अंडर-14 एयर पिस्टल महिला: माही त्यागी (श्रीमती ब्राह्म देवी स्कूल, हापुड़) – 357
अंडर-14 एयर राइफल पुरुष: अहीर फरदीन (पाइनवुड पब्लिक स्कूल, सहारनपुर) – 373
अंडर-14 एयर राइफल महिला: सनिक्षा सुबकर (डीपीएस, नोएडा) – 350
अंडर-17 एयर पिस्टल पुरुष: जयंत अत्री (सेंट एयरजे पब्लिक स्कूल, बुलंदशहर) – 377
अंडर-17 एयर पिस्टल महिला: पलक माथुर (श्रीमती ब्राह्म देवी स्कूल, हापुड़) – 352
अंडर-17 एयर राइफल पुरुष: तनिष्क राठी (ओलिविया इंटरनेशनल स्कूल, हरिद्वार) – 394
अंडर-17 एयर राइफल महिला: वृंदा महाजन (विद्या वर्ल्ड स्कूल, बरेली) – 392
अंडर-19 एयर पिस्टल पुरुष: ऋषभ चन्द (एसएमएस दत्ता पब्लिक स्कूल, उधम सिंह नगर) 372
अंडर-19 एयर पिस्टल महिला: रिषिका रेड्डी (मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल, नोएडा) – 359
अंडर-19 एयर राइफल पुरुष: सक्षम यादव (द हैज़लमून स्कूल, बिजनौर) – 384
अंडर-19 एयर राइफल महिला : अमिषा रघु (रियान इंटरनेशनल स्कूल ग्रेटर नोएडा) – 385