संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे में कृषि विज्ञान केंद्र के सामने स्थित भूमि को लेकर लंबे समय से चल रहे नगर पंचायत के विवाद में बुधवार को कार्रवाई देखने को मिली। कोर्ट के निर्देश पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई।
नगर पंचायत ने करीब दस वर्ष पूर्व कस्बे के कृषि विज्ञान केंद्र सामने मुख्य मार्ग पर स्थित करोड़ों रुपये की भूमि को अपनी संपत्ति बताते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायतों को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जांच भी कराई गई। भूमि पर वाद-विवाद के बाद निर्माण खड़ा कर दिया गया। कई बार निर्माण रोका गया। जबकि मामला न्यायालय में विचाराधीन था।
बुधवार को उक्त करोड़ों रुपये की भूमि को लेकर मेरठ सिविल कोर्ट द्वारा गठित टीम ने नगर पंचायत की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर साक्ष्यों की पड़ताल की। नगर पंचायत की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
नगर पंचायत चेयरपर्सन सुधा खटीक ने बताया कि कस्बे में करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने के मामले में नगर पंचायत स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। किसी भी कीमत पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।