गुरुग्रंथ से बेअदबी का मामले में आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की मांग उठी
हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव तारापुर में तीन दिन पूर्व गुरुद्वारा साहिब में गुरु ग्रंथ साहिब के साथ बेअदबी किए जाने के मामले में अखंड पाठ का आयोजन किया गया। बृहस्पतिवार को पाठ की समाप्ति पर सिख समाज के लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से आरोपी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
गांव तारापुर में स्थित गुरुद्वारा साहिब में तीन दिन पूर्व गुरु ग्रंथ साहिब के साथ बेअदबी की गई थी। इस घटना से सिख समाज के लोगों में आक्रोश था। इसी उपलक्ष में गुरुद्वारा साहिब पर अखंड पाठ का आयोजन किया गया। बृहस्पतिवार को अखंड पाठ की समाप्ति पर पंजाब, हरियाणा, उत्तरांचल व यूपी सहित अन्य कई राज्यों से पहुंचे सिख समुदाय के लोगों ने गुरुग्रंथ के साथ बेअदबी करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को उपजिलाधिकारी कमलेश गोयल, सीओ मवाना उदय प्रताप सिंह, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह भी गुरुद्वारा पहुंचे। सीओ मवाना ने बताया कि गुरुग्रंथ से बेअदबी करने वाला युवक मानसिक रूप से पीड़ित है। उसकी मंशा गुरु ग्रंथ साहिब से बेअदबी करने की नहीं थी, परंतु मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसने इस घटना को अंजाम दिया।
पंजाब से पहुंचे किसान संगठन के मुखिया बलदेव सिंह सिरसा ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब को सिख धर्म में 11वें गुरु मानते हैं। गुरु ग्रंथ साहिब से बढ़कर उनके लिए और कुछ नहीं है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। पंजाब के दमदमी टकसाल से पहुंचे अमरीक सिंह अजनाला ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब के साथ बेअदबी की घटना से देश-विदेश में सिख समुदाय के लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
सिख संगठन से जुड़े सुरेंद्र सिंह फलोदिया ने कहा कि सिख समाज के लिए बहुत बड़ी घटना है। शिरोमणि गुरुद्वारा कमेटी भी गुरुद्वारों की सुरक्षा के लिए उचित उपाय करें। जिन गुरुद्वारों में ग्रंथी सिंह नहीं हैं, वहां उनकी तैनाती की जाए और गुरुद्वारों की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया जाए। उत्तराखंड से आए ज्ञानी जगजीत सिंह, शिरोमणि अकाली दल अमृतसर समिति के सदस्य नवजीत सिंह, हरमन सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित गुरुद्वारा के प्रबंधक सरदार सत्ते सिंह, सरदार जज सिंह, बाबा बूटा सिंह, हरविंदर सिंह रणधीर सिंह, नरवर सिंह आदि मौजूद रहे।
राजनीतिक लोगों ने भी दुख जताया
अखंडपाठ के समापन पर भाजपा के क्षेत्रीय विधायक दिनेश खटीक, डॉ. हरविंदर सिंह, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, किशोर टांक, विपिन मनोठिया वाल्मीकि, प्रभुदयाल वाल्मीकि, सपा नेता किशोर वाल्मीकि भी पहुंचे और दरबार में मत्था टेका। विधायक दिनेश खटीक ने कहा कि दुखद घटना है। गुरु ग्रंथ साहिब सिख धर्म के लिए ही नहीं, बल्कि हिंदू धर्म के लिए भी सर्वोच्च है।
आरोपी पर होगी कानूनी कार्रवाई
उपजिलाधिकारी कमलेश गोयल ने कहा कि इस घटना से सिख समाज में रोष है। समाज के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिसके चलते आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।