सरधना। तहसील क्षेत्र के गांव भूनी में जमीन पर चहारदीवारी को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीण कुलदीप त्यागी ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर विरोधियों पर निर्माण कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायत में बताया कि उसकी कृषि भूमि पर पूर्व में भी कुछ लोगों ने ट्रैक्टर-टीलर लेकर फसल को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। अब वह अपनी भूमि पर चहारदीवारी करना चाहता है लेकिन गांव के ही कुछ लोग उसे ऐसा करने से रोक रहे हैं और धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि संबंधित लोग स्वयं अपनी भूमि पर निर्माण कार्य कर रहे हैं, जबकि प्रार्थी को उसकी ही जमीन पर निर्माण करने से रोक रहे हैं। साथ ही उसके खिलाफ झूठी शिकायतें भी दी जा रही हैं। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर उसे अपनी भूमि पर निर्माण कार्य करने की अनुमति दिलाने और विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।