मेरठ। सदर बाजार में पेट्रोल पंप पर घटतौली का स्कूटी सवार ने विरोध किया तो चार डिलीवरी मैन ने उसे बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कंकरखेड़ा के शिवलोक पुरी निवासी निहाल चौधरी ने बताया कि वह रजबन पेट्रोल पंप पर अपनी स्कूटी में पेट्रोल डलवाने गया था। डिलीवरी मैन ने 60 रुपये का पेट्रोल डाला और मशीन बंद कर दी। इसके बाद अचानक उसने पेट्रोल डालना शुरू किया तो मीटर पर दो सौ रुपये का पेट्रोल डिलीवर होना दर्शाया जा रहा है। उसने मीटर में जीरो कर पेट्रोल डालने को कहा तो डिलीवरी मैन ने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पंप के तीन चार डिलीवरी मैन ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। जिसमें उसे गंभीर चोट आई। सदर बाजार पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।