- आरोपी रोजाना दिल्ली से बाइक पर आते थे मेरठ
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। देहली गेट थाना पुलिस ने 36 घंटे के भीतर महिला आसफा खान के पर्स से आभूषण चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दिल्ली निवासी दंपती मोहम्मद युसूफ व उसकी पत्नी नगमा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए। आरोपी पति पर दिल्ली में चोरी की पांच प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी दंपती रोजाना दिल्ली से बाइक पर चोरी की घटना करने के लिए मेरठ आता था। पुलिस ने दंपती को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
हापुड़ रोड स्थित भवानी नगर निवासी महिला आसफा खान ने 14 जून को देहली गेट थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि 13 जून की शाम करीब पांच बजे अपने सोने के जेवर लेकर सर्राफा बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंची थी। वहां वह अपने जेवरों की जांच करा रही थी। इसी दौरान उनके पास एक बुर्का पहने महिला आकर बैठ गई थी। वह दूसरी दुकान पर पहुंची तो वहां उसने अपना पर्स खोला तो उसमें रखा सोने के आभूषण गायब थे।
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में लग गई थी। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे चेक किए थे। मंगलवार को दंपती घटना करने के लिए दोबारा से मेरठ पहुंचा था। पुलिस दिल्ली रोड पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान जली कोठी के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपियों के पास चोरी के जेवर बरामद हुए। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कई मामलों में वांछित है आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद यूसुफ खान पर दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और चोरी का माल रखने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस भी आरोपी की तलाश कर रही थी। दिल्ली पुलिस को भी मामले की जानकारी दी जाएगी। वहीं उसकी पत्नी नगमा का नाम मेरठ के इसी केस में सामने आया है।
-