कब्र से शव निकालकर कुत्तों ने नोंचा
- फोटो : अमर उजाला
शामली में छह दिन पूर्व नवजात शिशु के शव को परिजनों ने कब्रिस्तान में दफना दिया था। आवारा कुत्तों ने कब्र से निकालकर शव को नोंच खाया। ग्रामीणों ने कुत्तों को वहां भगाकर शरीर के बचे हिस्से को दोबारा दफना दिया।
पढ़ें : कुत्तों ने मासूम बच्ची को नोंच-नोंचकर मार डाला, परिजनों में मचा कोहराम
गांव नंगलाराई निवासी कासिम की पत्नी को दो जनवरी को शामली के एक अस्पताल में डिलीवरी कराया गया था, जहां पर महिला ने एक नवजात शिशु को जन्म दिया। इसके कुछ ही देर बाद शिशु की मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने अगले दिन तीन जनवरी को शिशु के शव को गांव में जंगल के करीब स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। रविवार शाम कब्रिस्तान के पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने शिशु के कब्र को उखड़ा हुआ देखा, इसकी सूचना तुरंत ग्रामीणों को दी गई। कब्र उखाड़ देने की सूचना पर ग्रामीण कब्रिस्तान पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एकत्र होकर इस घटना को आवारा जानवरों द्वारा अंजाम देने की आशंका जताई। आसपास के जंगलों में शव की तलाश शुरू कर दी, जिसके बाद जंगल में शिशु के शव को कुत्तों द्वारा नोचते हुए पाया गया। ग्रामीणों के पास पहुंचने पर कुत्ते भाग गए। शिशु के शव में केवल पैर ही शेष बचे हुए थे। बाद में ग्रामीणों ने उन्हें भी कब्रिस्तान में दफना दिया। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों के करीब चल रहे पोल्ट्री फार्मों से आवारा कुत्तों का भी आतंक बढ़ रहा है। पोल्ट्री फार्म में मरने वाले मुर्गी बच्चों को उनके संचालक कुत्तों के आगे डाल देते हैं। यही कारण है ये आवारा कुत्ते मांस के आदी हो गए है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से इस ओर ध्यान देकर आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की फरियाद लगाई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/