सूबे के परिषदीय स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेपटरी है। शिक्षकों का रवैया भी बेहद अदूरदर्शिता वाला है। सरूरपुर कलां के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गई छात्राओं को सेवानिवृत्त समारोह की तैयारी में लगा दिया। बेटियों ने अतिथियों के स्वागत के लिए स्कूल में चूना डाला।
परिषदीय स्कूलों में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। बेटियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के लिए नारी चौपाल समेत अन्य कदम उठाए, लेकिन नया मामला सरूरपुर कलां के प्राथमिक विद्यालय संख्या तीन में सामने आया। प्रधानाध्यापक कृष्ण पाल का शुक्रवार को सेवानिवृत्त समारोह आयोजित किया। इस समारोह के लिए जो तैयारी हुई, उनमें बच्चों से चूना डलवाने के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। कुछ ग्रामीणों ने कहा गांव के स्कूल में बच्चों से झाड़ू भी लगवाई गई। दो छात्राएं चूना डालती नजर आ रही है। उधर, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक कृष्णपाल ने कहा जो बच्चे चूना डाल रहे हैं, वह उनके विद्यालय के नहीं हैं। बच्चे कौन थे, उन्हें जानकारी नहीं है। जिस ठेकेदार को टेंट लगाने के लिए टेंडर दिया था, यह उसके रहे होंगे। संस्था से इनका कोई लेना देना नहीं है।