सरूरपुर। कस्बा हर्रा में घटनास्थल पर मौके पर जमा भीड़। वीडियो
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में सरधना-बिनौली मार्ग पर रहने वाले सपा नेता माजिद चौहान के भाई मुजीबुर्रहमान और उसके चचेरे भाई के बीच किसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पुलिस को सूचना मिली कि एक मकान में एके-47 समेत काफी संख्या में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और डेयरी संचालक अमन को गिरफ्तार कर उसके घर से एक पिस्टल व दो बंदूक व 20 कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, पुलिस जब जोड़ा प्याऊ के पास खंडकर में अन्य हथियार बरामद करने गई तो अमन ने वहां से तमंचा निकालकर पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि रविवार शाम कस्बा हर्रा निवासी सपा नेता के भाई और चचेरे भाई के बीच किसी बात पर कहासुनी और मारपीट हो गई। हंगामे के दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को कॉल कर सूचना दी कि सरधना-बिनौली रोड पर स्थित एक व्यक्ति के मकान में काफी मात्रा में अवैध हथियार छिपाकर रखे गए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की तो पुलिस ने डेयरी संचालक अमन काे पिस्टल लेकर भागते हुए देखा।
पुलिस ने घेरकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल व दो बंदूक के अलावा 20 कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक काफी संख्या में अवैध हथियार बरामद होने की बात कह रहा है। जबकि वीडियो में एक दरोगा भी फोन पर बात करते समय कई अवैध हथियार बरामद करने की बात कह रहा है। एसपी देहात का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य हथियार बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है।