सहारनपुर जनपद के रणखंडी गांव में ट्यूशन पढ़ने जा रहे ग्यारहवीं कक्षा के छात्र पर चार युवकों ने हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। सीएचसी से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बीच बचाव के दौरान छात्र का एक साथी भी घायल हो गया।
रणखंडी खेड़ी पट्टी निवासी जसवीर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र निशांत ठाकुर फूल सिंह मेमोरियल इंटर कालेज में 11वीं कक्षा में पढ़ता है। बुधवार की शाम करीब छह बजे वह अपने साथी हिमांशु के साथ गांव में स्थित एक सेंटर पर ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रहा था। आरोप है कि जब वह घर से कुछ दूरी पर पहुंचा तो गांव के चार युवक रास्ते के बीच में खड़े हुए थे। जब निशांत ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा तो वह गाली गलौज करने लगे। विरोध किया तो उक्त युवकों ने बलकटी, लोहे की रॉड और फावड़े से उस पर हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जसवीर के मुताबिक जब हिमांशु ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया तो उक्त लोगों ने उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। बाद में शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: कॉलेज में अराजकता, पीठ में लगा चाकू निकाल आरोपी के पीछे दौड़ा युवक, किए कई वार, सीसीटीवी में कैद
जसवीर ने बताया कि जानकारी मिलने पर उन्होंने निशांत और हिमांशु को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने नाजुक हालत के चलते निशांत को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/