मेरठ में रेलवे रोड क्षेत्र के मछेरान में छापा मारते हुए एसएसपी की सर्विलांस टीम ने रविवार को ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से नशे की पुड़िया और सट्टे की पर्चियां बरामद की गई हैं। यह गिरोह दिल्ली, हरियाणा और दूसरे राज्यों से जुड़ा हुआ है। दिल्ली के जिस इंटरनेट नंबर से सट्टे के नंबर भेजे जाते थे, उसकी भी जांच की जा रही है। मेरठ में इस गिरोह में 12 लोग जुड़े हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि मछेरान में बंद मकान में मोहसिन के यहां सट्टा खेला जा रहा है। सर्विलांस टीम ने मनोज दीक्षित के नेतृत्व में छापा मारकर राशिद पुत्र मोहम्मद खालिद निवासी करम अली, थाना कोतवाली, रईसु पुत्र जमशेद निवासी, सिराजुद्दीन पुत्र शहाबुद्दीन निवासी मछेरान व नौबत राम पुत्र डालचंद निवासी पूर्वा महावीर थाना रेलवे रोड को गिरफ्तार कर लिया। सट्टे का सरगना मोहसिन फरार हो गया। पुलिस ने मौके से भारी संख्या में सट्टे की पर्चियां, नशे की पुड़िया बरामद की हैं।
बताया गया कि इस गिरोह से करीब एक दर्जन लोग मेरठ में जुड़े हैं, जो मोहसिन के लिए सट्टे का काम करते थे। इंटरनेट नंबर के माध्यम से अलग-अलग दिन सट्टे का नंबर दिया जाता था। उस इंटरनेट नंबर की भी सर्विलांस टीम जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बड़ी कार्रवाई: योगी सरकार का माफिया के खिलाफ शिकंजा, कुख्यात योगेश भदौड़ा की संपत्ति भी कुर्क
एसएसपी ने बताया कि रेलवे रोड थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पकड़े गए लोगों के पास से दो किलो गांजा, एक किलो चरस व 185 गांजे की पुड़िया (वजन 806 ग्राम) है। चार तमंचे, आठ कारतूस और 5070 रुपये नकद व भारी संख्या में सट्टा पर्ची बरामद की हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/