बागपत कोतवाली क्षेत्र के बली गांव निवासी प्रमोद (40) पुत्र बिरमजीत अपने भांजे विक्की उर्फ विकास निवासी बुढेड़ा की हत्या के मामले में चार माह पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। भाई सुभाष ने बताया कि शुक्रवार शाम वह अपने साले योगेश निवासी दनकौर गौतमबुद्ध नगर के साथ बाइक पर अग्रवाल मंडी टटीरी में सामान लेने आया था। सामान लेने के बाद कस्बे में सलमान निवासी महेशपुर चोपड़ा के डग (वाहन धुलाई स्थल) पर बाइक धुलवाने लगा। इसी दौरान डग के पास दो बाइकों पर छह बदमाश आए और प्रमोद पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। उसके सिर और छाती में करीब सात गोलियां लगी हैं। बदमाश हथियार लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर बागपत कोतवाली और सिंघावली अहीर थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची।
घटना के बाद परिजनों ने हत्या के विरोध में हंगामा किया। पुलिस से परिजनों की तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने किसी तरह समझाकर लोगों को शांत किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रमोद के भाई सुभाष ने डग संचालक सलमान, प्रमोद निवासी अग्रवाल मंडी टटीरी और चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस जांच कर रही है। हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।
उधर, प्रमोद की हत्या के बाद परिवार की महिलाओं में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के सात वर्ष का बेटा वंश और पांच वर्ष की बेटी है। घर पर संवेदना देने वालों की भीड़ लगी रही।
बड़े भाई राजू का हुआ था एनकाउंटर
पुलिस ने बताया कि प्रमोद के बड़े भाई राजू को 18 साल पहले मेरठ में पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। वह कई हत्या और लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। उसके बाद 15 साल पहले बड़े भाई विनोद की बिचपड़ी के पास नहर पर हत्या कर दी थी। उनकी गांव में ही दूसरे परिवार से पुरानी रंजिश चल रही है।
भांजे की हत्या का आरोप
पुलिस ने बताया कि प्रमोद पर अपने सगे भांजे विक्की उर्फ विकास की हत्या का आरोप है। वह चार माह पहले ही जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था। वहीं बली गांव के राहुल चोटी हत्याकांड में भी प्रमोद को आरोपी बनाया गया था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/