लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक को भीड़ ने पकड़कर पीट दिया। लोगाें ने योजना बनाकर युवक को बुलाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया। वहीं लोगों ने आरोपी से ठगा हुआ रुपया वापस दिलाने की मांग को लेकर थाने पर पर हंगामा किया।
मामला लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर का है। लोगों ने बताया कि कुछ माह से यहां हरिद्वार के कुछ युवक आ रहे थे। ये लोग महिलाओं से संपर्क कर उनको लोन दिलाने का सपना दिखाते थे। युवक कई महिलाओं से लोन के नाम पांच-पांच हजार रुपये ले गए। महिलाओं ने जब फोन पर उनसे संपर्क किया तो वह बहाने बनाने लगे। शक होने पर बृहस्पतिवार को एक महिला ने अपने पति को मामले की जानकारी दी। इसके बाद योजना बनाकर इन युवकों को मेरठ बुलाया गया।
बृहस्पतिवार को हरिद्वार से चार युवक लिसाड़ीगेट पहुंचे। मौका मिलते ही भीड़ ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान तीन युवक भाग गए। एक युवक को लोगों ने दबोचकर पीट दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची और युवक को थाने ले आई। लोगों ने भी थाने पहुंचकर आरोपियों से रुपया वापस दिलाने को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर वहां से लौटाया। इंस्पेक्टर नजीर अली ने बताया कि मामले से जुड़ी तहरीर मिली है। काफी लोगों ने इस गिरोह पर रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।