एसएसपी से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे महापौर और निगम पार्षद
सोहराब गेट पुलिस चौकी के पास शनिवार शाम एक युवती से छेड़छाड़ को लेकर हुए बखेड़े के मामले में रविवार सुबह वाल्मीकि समाज के लोगों ने कोतवाली का घेराव किया। उन्होंने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों पर गुंडा एक्ट लगाने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, सफाई कर्मी संघ ने 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। महापौर ने भी पार्षदों के साथ एसएसपी से मिलकर वार्ता की।
कोतवाली पहुंचे वाल्मीकि समाज ने हंगामा करते हुए थाना प्रभारी से आरोप लगाते हुए कहा कि मोहल्ले में सरेआम गुंडई हो रही है। कुछ लोग मोहल्ले की बहू-बेटियों पर फब्तियां कसते हैं। छेड़खानी करते हैं। विरोध करने पर गुंडई पर उतर आते हैं। शनिवार शाम हुई घटना इसी वजह से हुई। आरोप लगाया कि वारदात के बाद एक समुदाय के लोगों ने हथियार लहराए ,ताबड़तोड़ फायरिंग की। पूरा मोहल्ला दहशत में है। लोगों ने कहा कि उन्हें पता चला है कि कुछ लोग इस मसले में समझौते का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने थानाध्यक्ष से इस मामले में संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। थानाध्यक्ष विजय गुप्ता ने बताया कि घटना में घायल शिवा के पिता मुकेश कुमार की तहरीर पर सुहेल, मोनू, सुहेब, फरमान और हिजबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरमान हिरासत में है।