पुलिस के अनुसार घटना के वक्त सबा और नईम के बीच करीब आधा घंटे तक बातचीत हुई। जब उसने सबा पर तमंचा ताना तो वह मुस्कुराने लगी, क्योंकि उसे इस बात का आभास नहीं था कि नई उसकी जान भी ले सकता है। लेकिन, नईम ने गोली चलाकर उसकी हत्या कर दी। जमीन पर गिरने के बाद भी सबा के भेजे में दो और गोलियां दाग दी गईं। इसके बाद दस मिनट तक आरोपी नईम वहां खड़ा रहा कि कहीं सबा जिंदा तो नहीं है।
थाने में पूछताछ के दौरान नईम ने बताया कि वह उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। कुछ दिनों से वह उसे घूमने जाने की बात कह रही थी। 11 अप्रैल की शाम को वह अपने दोस्त नदीम के साथ स्कूटी लेकर सबा के पास गया। वहां तीनों स्कूटी पर सवार होकर चल दिए। नईम ने दशरथपुर में नदीम को उतार दिया और टोल पर मिलने की बात कही। इसके बाद जंगल में लेकर उसने सबा की हत्या कर दी।
प्रेमी समेत दो पकड़े
लिसाड़ीगेट निवासी सबा की हत्या के मामले में शनिवार को पुलिस ने आरोपी प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। युवती के
परिजनों ने दोनों के खिलाफ दौराला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा और एक्टिवा भी बरामद की है।
लिसाड़ीगेट के तारापुरी निवासी सबा (20) पुत्री अनीस की 11 अप्रैल को हत्या कर शव दौराला क्षेत्र में दशरथपुर के पास हाईवे के किनारे फेंक दिया था। शुक्रवार को पांचवें दिन युवती के परिजनों ने शव की शिनाख्त की।
परिजनों ने सबा के प्रेमी नईम पुत्र खालिद निवासी तारापुरी और नदीम पुत्र नौशाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। नईम ने बताया कि उसका सबा से चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लगभग एक साल पहले उसने एक अन्य युवक से शादी कर ली थी और उसका संपर्क भी खत्म हो गया था।
कुछ माह पहले सबा ने फिर से उससे संपर्क किया और बताया कि उसका पति उसे छोड़ रहा है। इसके बाद नईम ने उसे माधवपुरम में कमरा दिला दिया और उसके साथ रहने लगा। नईम ने बताया कि पिछले कुछ माह से सबा उस पर निकाह करने का दबाव बना रही थी। साथ ही उसे और उसके परिवार को झूठे केस में फंसने की धमकी देती थी। इस कारण उसने उसकी हत्या करने का प्लान बनाया।
आरोपियों को साथ लेकर तलाशा तमंचा
शनिवार सुबह सीओ दौराला डॉ अरविंद कुमार और इंस्पेक्टर दौराला परशुराम दोनों आरोपियों को लेकर दशरथपुर के जंगल पहुंचे। वहां पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचे की तलाश की। वहीं मौके पर खोखा भी मिला।