इंचौली थाना क्षेत्र में एक दूधिया ने मंगलवार देर शाम 12 साल की एक छात्रा से घर में घुसकर दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को ऑक्सीटोक्सिन का इंजेक्शन लगा दिया। इस बीच छात्रा की मां घर पहुंची तो आरोपी ने छात्रा की मां से मारपीट कर दी। किशोरी की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर शाम गांव निवासी दूधिया अतुल एक किसान के घर पशुओं का दूध निकालने पहुंचा था। छात्रा घर पर अकेली थी जबकि उसकी मां पड़ोस में गई थी। दूधिया ने छात्रा से दुष्कर्म करने की कोशिश की तो उसने विरोध करते हुए आरोपी से हाथापाई कर दी। आरोप है कि दूधिया ने भैंस को लगाने वाला इंजेक्शन किशोरी के शरीर में घोंप दिया। किशोरी का शोर सुनकर उसकी मां घर पहुंची तो आरोपी ने महिला की भी पिटाई कर दी। आसपास के लोगों की भीड़ लगती देख आरोपी फरार हो गया।
थाना प्रभारी विकास जायसवाल के अनुसार पीड़ित छात्रा का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहरीर के आधार पर आरोपी अतुल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी दूधिया ने दो साल पहले भी गांव में ऐसी ही घटना को अंजाम दिया था। जांच में सामने आया कि दूधिया ने छात्रा से छेड़छाड़ कर हाथापाई की थी। इंजेक्शन लगाने के मामले की जांच की जा रही है।