फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर भर के होटलों में छापामारी, मचा हड़कंप  

Wed, 22 Mar 2017 01:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
होटल में ठहरे युवक से पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 जिले में मंगलवार को पुलिस एक्शन मोड में आ गई। सड़कों पर मनचलों तो होटलों में अश्लील हरकत करने वाले प्रेमी जोड़ों की पुलिस ने जमकर खबर ली। कहीं हुक्का बार तो कहीं शराब पार्टियां चलती मिलीं। पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा जोड़ों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। जिन्हें परिजनों की सुपुर्दगी में देते हुए होटल मालिक को नोटिस जारी किया है। पुलिस की छापेमारी के चलते दिन भर खलबली मची रही। 
विज्ञापन

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के कानून व्यवस्था में तुरंत प्रभाव से सुधार लाने के सख्त निर्देशों के चलते मंगलवार को जिले में पुलिस सड़कों पर उतर आई। एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने सभी एएसपी, सीओ और थानेदारों की मीटिंग लेकर छापामार अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिसके बाद एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें बनीं। 
एक पुलिस टीम आबूलेन पहुंची। जहां एक होटल में हुक्का बार चलता मिला। पुलिस ने मैनेजर से हुक्का बार का लाइसेंस मांगा तो उसने सिर्फ सॉफ्ट ड्रिंक की परमिशन होना बताया। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट बुलाकर तलाशी ली। उसके बाद पुलिस ने भैसाली बस अड्डे के पास होटल लाभ महल में छापा मारा। जहां पर पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा प्रेमी जोड़े अश्लील हरकत करते पकड़ना बताया। जिन्हें पूछताछ के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, सीओ दौराला ने हाईवे स्थित कई होटलों और ढाबों पर छापामारी की। गोल्डन रिसॉर्ट होटल में छह युवक-युवती आपत्तिजनक हालत में मिले। एक युवक ने सीओ को धमकी देते हुए कहा कि वह दो बच्चों का पिता है। अगर उसकी पत्नी को पता चल गया तो वह सुसाइड कर लेगा। सीओ ने सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया। होटल मैनेजर को सख्त निर्देश दिए कि यदि होटल में प्रेमी युगल मिले तो कड़ी कार्रवाई होगी। 
विज्ञापन

अफसर बोले, अब योगी सरकार है
होटलों में छापामारी हुई तो पुलिस अफसरों के पास सिफारिशों के लिए फोन घनघनाने लगे। पुलिस अफसरों ने साफ कह दिया कि अब प्रदेश में योगी सरकार है। कोई गलत काम बर्दाश्त नहीं होगा। किसी की सिफारिश करना बेकार है। पुलिस ने यह बात कहकर कई नेताओं के फोन तक कट कर दिए। पुलिस अफसरों ने बताया कि कई भाजपा नेताओं ने होटलों में कार्रवाई न करने की सिफारिशें की है। लेकिन पुलिस जांच पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई करेगी। 
कहीं छात्र तो कहीं युवक-युवती मिले 
भैसाली बस अड्डे के पास एक होटल में अश्लील हरकत करते कहीं स्टूडेंट तो कहीं पर युवक-युवतियां पकड़े गए। पुलिस को देखते ही होटलों में खलबली मच गई। होटल मैनेजरों ने एक-दूसरे के होटलों में फोन कर पुलिस की छापेमारी की जानकारी भी दी। पुलिस ने जब होटलों के रजिस्टरों की जांच की तो उनमें होटलों में आने वालों की एंट्री तक नहीं की गई थी। इस पर पुलिस ने होटल मैनेजरों से जवाब मांगा है। 
होटलों में सब सेटिंग का खेल
होटलों में क्या-क्या खेल होता है, इसकी पूरी जानकारी संबंधित थाना पुलिस को होती है। पुलिस की होटलों में अच्छी सेटिंग होती है, जिसके चलते वहां पर गैरकानूनी काम होते हैं। होटलों में पहले भी पुलिस ने हुक्का बार पकड़ा। लेकिन सख्त कार्रवाई न होने पर मामला दब गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कई होटल तो अश्लीलता फैलाने के लिए बदनाम हैं। जहां से पुलिस को अच्छा पैसा जाता है। 
यह हुई कार्रवाई
इंस्पेक्टर सदर बाजार पंकज पंत ने बताया आबूलेन पर हुक्का बार चलाने पर होटल मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। भैसाली बस अड्डे के सामने शुभ लाभ होटल के मैनेजर गौरव निवासी कंकरखेड़ा को गिरफ्तार किया गया है। होटल मैनेजर को पहले भी चेतावनी दी थी कि होटल में बगैर एंट्री कोई भी व्यक्ति नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद भी मंगलवार को चेकिंग के दौरान लोगों की एंट्री रजिस्टरों में नहीं मिली। उधर, मेडिकल, नौचंदी, टीपीनगर, रेलवे रोड समेत कई थाना इलाकों में होटल मालिकों को चेतावनी दी गई कि अगर बिना एंट्री के होटल में कोई शख्स मिला तो कार्रवाई होगी। वहीं, चर्चा रही कि मेडिकल इलाके के एक होटल में पांच युवक-युवतियां अश्लील हरकत करते पकड़े थे, जिन्हें पुलिस ने छोड़ दिया। 
होटलों में रोजाना होगी छापेमारी
एसपी सिटी ने होटलोें में शराब पार्टी और युवक-युवतियों के अश्लील हालत में मिलने पर थाना पुलिस को जमकर हड़काया। एसपी सिटी ने थानेदारों को सख्त निर्देश दिए कि होटलों में रोजाना चेकिंग के साथ रजिस्टरों की जांच की जाए। अगर सुधार नहीं हुआ तो थानेदारों पर सीधी कार्रवाई होगी।

होटलों में छापामारी कराई गई थी। जहां पर हुक्का बार, शराब पार्टी और अश्लीलता होती मिली है। होटल मैनेजरों को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। जिन होटलों पर कार्रवाई बनती है, उनके खिलाफ जांच चल रही है। -जे. रविंदर गौड़, एसएसपी 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें