मुजफ्फरनगर में गन्ना समिति के पास सरेराह बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचों के बल पर किसान से हजारों रुपयों की नगदी लूटकर सनसनी फैली दी। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने बाइक सवार एक बदमाश को घेर लिया। मुठभेड़ में पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया, जबकि दूसरी बाइक पर तीन बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से लूटी गई 10 हजार रुपये की नगदी सहित बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी सिटी सतपाल अंतिल मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस से जानकारी ली।
एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने पत्रकारों को बताया कि गांव रुकनपुर निवासी वृद्ध किसान रामशरण पुत्र जयसिंह गुरुवार को खतौली में बैंक से रुपये निकालने के लिए आया। किसान रामशरण ने ओरियंटल बैंक से एक लाख रुपये निकाले। इसके बाद किसान अपने बेटे आदेश के साथ बाइक से गन्ना समिति पहुंचे। उन्होंने सात हजार रुपये की कीटनाशक दवाई खरीदी और वहां से चल दिए। थोड़ी दूर जाने पर बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचों के बल पर किसान से रुपयों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। किसान ने लूट की सूचना पुलिस को दी। लूट की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा ने एसएसआई मनोज यादव, एसआई सुनील शर्मा, एसआई रहीश खान, एसआई प्रदीप चीमा, पमनावली पुलिस चौकी प्रभारी नरेश सहित पुलिस बल के साथ बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। पुलिस टीम ने फलावदा मार्ग पर गांव ढाकपुरी मोड़ पर बाइक पर भाग रहे एक बदमाश को घेर लिया। पुलिस की गोली पैर में लगते ही बदमाश बाइक सहित नीचे गिर पड़ा। पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया। दूसरी बाइक पर तीनों बदमाश दूसरे रास्ते से फरार हो गए।
वहीं सूचना मिलने पर सीओ आशीष प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से किसान से लूटी गई रकम में से 10 हजार रुपये की नगदी, किसान का आधार कार्ड, तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद की। एसपी सिटी के अनुसार पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन की आदर्श कॉलोनी निवासी राहुल पुत्र रतन कुमार बताया है। पुलिस ने घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसको जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पीड़ित किसान की ओर से पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।