फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईवे पर ऑटो गैंग ने इंजीनियर को लूटा, आईफोन की मदद से एक घंटे में पकड़े गए लुटेरे

Thu, 16 May 2019 10:08 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आगरा में नेशनल हाईवे-2 के सुल्तानगंज पुलिया फ्लाईओवर पर बुधवार देर रात दिल्ली से घर लौट रहे इंजीनियर को आटो गैंग ने लूट लिया। बदमाश आईफोन, पर्स सहित अन्य सामान ले गए। इंजीनियर ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आईफोन को सर्विलांस पर लगाया। इससे बदमाशों की लोकेशन ट्रैस हो गई। एक घंटे में पुलिस ने तीन बदमाशों को पकड़ लिया। उनसे लूट का सामान भी मिल गया।
विज्ञापन


सिकंदरा के महर्षिपुरम निवासी अंकित अग्निहोत्री पुत्र अनिल अनिल अग्निहोत्री दिल्ली की कंपनी में इंजीनियर हैं। बुधवार रात को वो आगरा आ रहे थे। रात तकरीबन 11:30 बजे बस से वाटर वर्क्स चौराहे पर उतरे। तभी उनके पास एक ऑटो आ गया। उसमें चालक सहित चार लोग सवार थे। 

अंकित गुरुद्वारा गुरु का ताल जाने के लिए ऑटो में सवार हो गए। अंकित ने बताया कि चालक ने तेज आवाज में डेक चला लिया। इस पर उन्होंने उसे मना किया। सुल्तानगंज पुलिया फ्लाईओवर पर चालक ने ऑटो रोक लिया। पीछे बैठे दो बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। 
विज्ञापन


अंकित बदमाशों से भिड़ गए। मगर, उनके एक साथी ने तमंचा कनपटी पर तान दिया। इससे अंकित घबरा गए। इसके बाद बदमाशों ने उनसे एक आईफोन, एंड्रोइड मोबाइल, पर्स, बैग लूट लिया। पर्स में 1600 रुपये, तीन एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, जबकि बैग में कागजात सहित अन्य सामान रखा हुआ था। 
विज्ञापन

लूट के बाद ढाबे पर पहुंचे लुटेरे

बदमाश अंकित को धक्का देकर भाग गए। अंकित एक बाइक सवार की मदद से थाना न्यू आगरा आए। पुलिस को घटना की जानकारी दी। चूंकि मामला थाना हरीपर्वत क्षेत्र का था। इस पर पुलिस ने उसे जीप से थाना हरीपर्वत पहुंचाया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

बदमाशों ने लूट के बाद आईफोन को बंद करने की कोशिश की, लेकिन लॉक लगा होने के कारण उसमें कुछ भी नहीं कर सके। वहीं पुलिस ने आईफोन को सर्विलांस पर लगाया। इस पर उसकी लोकेशन मिल गई। रात तकरीबन 12:45 बजे टेढ़ी बगिया स्थित ढाबे पर बदमाश खाना खा रहे थे। 

पुलिस ने तीन को पकड़ लिया। उनके पास से लूट का मोबाइल, आईफोन सहित अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। गैंग का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें