यूपी के मुजफ्फरनगर शहर में तेज आवाज से डीजे बजाने के विवाद में दो गांवों के ग्रामीणों के बीच संघर्ष हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। पथराव से गांव में अफरातफरी मच गई। हमले और पथराव में छह लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने बमुश्किल ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।
जानसठ थाना क्षेत्र के गांव अखलाकपुरा व सादपुर गांव खतौली रोड पर आमने-सामने बसे हुए हैं। गांव सादपुर की धर्मस्थल की दुकानों में गांव निवासी रईस पुत्र शब्बीर डीजे की दुकान करता है। दुकान के सामने सड़क के दूसरी ओर गांव अखलाकपुरा निवासी इरशाद पुत्र मकसूद का मकान है। शनिवार की सुबह दुकान पर रईस ने तेज आवाज में डीजे बजाना शुरू कर दिया। अखलाकपुरा निवासी इरशाद ने तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध किया। इसको लेकर दोनों में कहासुनी होने के बाद मारपीट हो गई। मारपीट होने की जानकारी दोनों गांवों के परिजनों व ग्रामीणों को लगी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इस घटना को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। ग्रामीणों के बीच लाठी व डंडे चल गए। दोनों गांवों के ग्रामीणों ने जमकर एक दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।