मेरठ के घाट गांव में हत्या के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
परतापुर के घाट गांव में बृहस्पतिवार शाम डबल मर्डर के चश्मदीद गवाह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की आज (शुक्रवार) को गवाही होनी थी, लेकिन उससे पहले ही घर से बुलाकर इस वारदात को अंजाम दे दिया गया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ नामजद जबकि पांच अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएसपी डीसी दूबे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला डबल मर्डर से जुड़ा होना बताया गया। नामजद आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घाट गांव निवासी सचिन गुर्जर (28) पुत्र भंवर सिंह को बृहस्पतिवार शाम तीन युवक घर से गांव के बाहर पूर्व प्रधान राजेंद्र की ट्यूबवेल पर बुलाकर ले गए। जहां पर आरोपियों ने सचिन को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो सचिन खून से लथपथ पड़ा मिला। ग्रामीण सचिन को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मर्डर की सूचना पर एसपी सिटी ओपी सिंह, सीओ ब्रह्मपुरी रफीक अहमद और एसओ परतापुर रणसिंह यादव घटनास्थल पर पहुंचे।
छह माह पहले हुआ था डबल मर्डर : पुलिस के मुताबिक विगत नौ अक्तूबर 2015 को परतापुर बाईपास स्थित वेदव्यासपुरी में मोनू और राहुल शर्मा की हत्या हुई थी, जिसमें सचिन चश्मदीद गवाह था। शुक्रवार को सचिन की कोर्ट में गवाही होनी थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गवाही देने से पहले गांव के राहुल गुर्जर ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों ने राहुल गुर्जर के खिलाफ नामजद जबकि पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। सचिन की एक पखवाड़े बाद शादी होनी तय हुई थी।