दौराला में युवती की हत्या के बाद जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
युवती की हत्या कर हाईवे किनारे खेत में फेंक दिया गया। युवती को दो गोलियां मारी गईं। पुलिस रेप के बाद हत्या की आशंका जता रही है। हाईवे स्थित कुसुम पब्लिक स्कूल के पास चांदवीर सिंह के खेत में सोमवार शाम करीब 20 वर्षीय युवती का शव पड़ा मिला। किसान ऋषिराज ने पुलिस को सूचना दी।
सीओ दौराला डा. अरविंद कुमार और इंस्पेक्टर परशुराम मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि युवती को कनपटी और कंधे पर गोलियां मारी गई हैं। उसके बाद धारदार हथियार से उसके शरीर पर वार किया गया। युवती ने धारीदार हल्का पीले रंग का सूट, पीले रंग की लैगिंग्स और काली जूती पहन रखी हैं। शव के पास ही घर की चाबी और चुनरी पड़ी हुई थी।
जिस हालत में शव मिला है, उससे रेप की भी आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुख्ता तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। शव के पास लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कहीं और मारकर खेत में फेंका
रात नौ बजे डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंच गई। टीम देर रात तक खेतों में छानबीन करते हुए सुबूत तलाश कर रही थी। मौके से गोली का खोखा भी नहीं मिला। पुलिस का कहना है कि कहीं और हत्या करने के बाद शव खेत में लाकर डाला गया है। वारदात बीती रात होने की आशंका है।