मानसिक रूप से बीमार एक मां ने अपने सात दिन के नवजात शिशु के दाएं हाथ के पंजे को ब्लेड से काटकर अलग कर दिया। पति व परिजनों ने नवजात को बिजनौर के प्राइवेट चिकित्सालय में दाखिल कराया है। हालत गंभीर बनी हुई है। नवजात के पिता शादाब अहमद ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर अपनी पत्नी व सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने की गुहार की है। मामला यूपी के बिजनौर जनपद का है।
नगीना के मोहल्ला नालबदान निवासी शादाब अहमद पुत्र रफीक अहमद का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व स्योहारा के मोहल्ला इकबाल नगर निवासी सिराजुद्दीन की बेटी शाजिया के साथ हुआ था। सात दिन पूर्व शाजिया ने एक बेटे को जन्म दिया था। शादाब की सास रजिया एक अन्य महिला के साथ अपनी बेटी से मिलने सोमवार को नगीना आई थी।
शादाब ने बताया कि वह दर्जी का कार्य करता है। उसकी पत्नी दूसरी मंजिल पर बने कमरे में अपनी मां व अन्य महिला के साथ बात कर रही थी तभी नवजात बच्चे की चीख पुकार सुनकर वह अपनी पत्नी के पास पहुंचा तो उसके बेटे का हाथ का पंजा कटा हुआ जमीन पर पड़ा था। खून में लथपथ नवजात शिशु चीख रहा था। परिजनों के साथ नवजात शिशु को लेकर वह बिजनौर आया और उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। पति ने घटना के संबंध में पुलिस को बताया। दरोगा प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया की मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिल गई है। कार्रवाई की जा रही है। परिजनों ने महिला को मानसिक रूप से बीमार बताया है। महिला के इलाज के कागजों की भी गहनता से जांच की जा रही है। शादाब के मुताबिक ब्लेड से पत्नी ने ही बेटे का हाथ काटा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/