यदि आप शादी करने के लिए मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराने जा रही हैं तो सावधानी बरतें। इसी तरह की एक वेबसाइट के ऐसे दो मामले साइबर सेल के पास पहुंचे हैं। जिनमें शादी करने से इंकार करने पर महिलाओं से व्हाट्सएप नंबर लेकर उनकी डिसप्ले पिक्चर (डीपी) चोरी कर ली गई। फिर ब्लैकमेल करते हुए सोशल मीडिया पर अश्लील पोस्ट डालकर उन्हें बदनाम कर दिया गया। एसएसपी के निर्देश पर साइबर सेल ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
के स :1
कंकरखेड़ा निवासी एक महिला की सात साल पहले शादी हुई थी। तलाक होने पर महिला ने एक मेट्रिमोनियल वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया था। इसी वेबसाइट पर अलीगढ़ निवासी एक युवक ने भी रजिस्ट्रेशन करा रखा था। तीन माह से महिला और युवक के बीच बात होने लगीं। कुछ दिन पहले महिला को पता चला कि उस युवक ने शादी कर ली है। उसके बाद युवक फोन पर महिला को परेशान करने लगा। आरोपी युवक ने व्हाट्सएप से महिला की डीपी चोरी कर ली। उसके बाद फर्जी आईडी से एकाउंट बनाकर फेसबुक पर महिला की फोटो के साथ अश्लील पोस्ट डाल दी। जिसमें महिला को लेकर काफी आपत्तिजनक बातें लिखी गईं। महिला की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
केस : 2
गंगानगर निवासी एक महिला प्राईवेट कंपनी में इंजीनियर है। महिला ने तीन माह पहले शादी के लिए वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें एक युवक और महिला के बीच बात होने लगीं। उसके बाद युवक ने महिला से शादी करने से इंकार कर दिया। आरोपी युवक महिला को अश्लील फोन कॉल करने लगा। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने महिला के नाम से एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसके व्हाट्सएप से डीपी चोरी कर वही पिक्चर अपलोड कर दी। आरोपी युवक ने इस फेसबुक एकाउंट पर अश्लील फोटो डाल दिए। पुलिस तक मामला पहुंचा तो आरोपी फोन स्विच ऑफ कर फरार हो गया।