प्रधानी चुनाव में मतगणना के समय हुई कहासुनी ने बुधवार को जानी कलां गांव में खूनी संघर्ष करा दिया। जिसमें दो प्रत्याशियों के पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की गई। मामला यहां भी शांत नहीं हुआ और हवाई फायरिंग कर दी गई। जिससे गांव में भगदड़ मच गई। इंस्पेक्टर जानी फोर्स ने गांव में पहुंचकर किसी तरह मामला शांत कराया। छह लोग घायल हुए हैं। गांव में तनाव व्याप्त है।
जानी कलां गांव निवासी सरफराज और नूर मोहम्मद ने अपनी-अपनी पत्नियों को ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव लड़वाया था। लेकिन दोनों की पत्नियां हार गई थीं। प्रधान पद की मतगणना के दौरान दोनों पक्षों के बीच मतगणना स्थल पर कहासुनी के बाद तनातनी हो गई थी। लेकिन किसी तरह मामला शांत करा दिया गया था। बुधवार सुबह दोनों पक्षों में मतगणना के दौरान हुई कहासुनी को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग लाठी, डंडे व धारदार हथियार लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। एक पक्ष के लोगों ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए मारपीट कर दी। जिसमें महिलाओं ने जेवर लूटने का भी आरोप लगाया।
महिलाओं ने एक-दूसरे पर पथराव किया तो धारदार हथियार चल पड़े। कुछ लोग घरों से तमंचे और बंदूक निकाल ले आये। हवाई फायरिंग से गांव में अफरा तफरी मच गई। गांव में करीब दस से अधिक राउंड फायरिंग की गई। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। फायरिंग की सूचना कंट्रोल रूम पर मिलते ही इंस्पेक्टर जानी संजीव कुमार फोर्स के साथ पहुंचे और भीड़ को खदेड़ते हुए मामला शांत कराया।
पुलिस के सामने भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये और एक दूसरे पर मारपीट, लूटपाट और फायरिंग का आरोप लगाते हुए भिड़ने लगे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दो युवकों को थाने भेज दिया। इस मारपीट में सिर में धारदार हथियार लगने से सरफराज पक्ष से खालिद, गुफरान व जाहिद व तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं नूर मोहम्मद पक्ष से भी दो व्यक्ति घायल बताये गए। सरफराज पक्ष से शहजाद ने नूर मोहम्मद, अमीरूददीन, ताज मोहम्मद, वसीम, हैदर, नईम, अलाहिब, भूरा, फकरू, साहबुद्दीन, आरिफ, अनवार, खुर्शेद, इजहार, मुसाहिर सहिद के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है।