महिला थाने के सामने सोमवार अपराह्न करीब 3:30 बजे कार सवार चार-पांच लोग पहुंचते हैं। वे एक युवक को जबरन कार में बैठाने के लिए उससे गुत्थमगुत्था करने लगते हैं।
इस दौरान वह चिल्लाता रहा- ये लोग मेरा अपहरण कर रहे हैं। मेरी जान ले लेंगे। इस बीच, मेडिकल थाने में तैनात एक दरोगा महिला थाने से बाहर निकले, जो यह सब देखकर भी पूरे घटनाक्रम को नजरंदाज कर बगले झांकते हुए खिसक लिये। उन्होंने यह जानने तक की कोशिश नहीं कि आखिर ऐसा हो क्यों रहा है।
वहीं कार सवार उस युवक को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गये। युवक और उसे उठाने वाले लोग कौन थे, इस बात की जानकारी किसी को नहीं मिल सकी। बताया गया कि युवक अपने किसी मामले की पैरवी के लिए महिला थाने पहुंचा था।