खरखौदा-हापुड़ मार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने बृहस्पतिवार दिनदहाडे़ मेरठ के पशु व्यापारियों से 25.50 लाख रुपये लूट लिए। लूट की सूचना फ्लैश होने पर पूरे जोन में अलर्ट जारी हुआ तो बदमाशों की मोदीनगर के नगला मूसा गांव के जंगल में मोदीनगर पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
करीब 3.30 घंटे चले इस एनकाउंटर में एक सिपाही और दो लुटेरे गोली लगने से घायल हुए। एक बदमाश ने सरेंडर किया तो चौथा फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने लूटे गए कैश से भरे बैग को खेत से ही बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार श्यामनगर, लिसाड़ी गेट निवासी व्यापारी आस मोहम्मद, शराफत और अखलाक पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की हापुड़ रोड स्थित मीट फैक्ट्री में पशु बेचते थे। बृहस्पतिवार सुबह पौने नौ बजे पशु खरीदने के लिए निकले थे। तीनों व्यापारी एक ही स्विफ्ट कार में थे।
उनके पास बैग में 25.50 लाख रुपये थे। खरखौदा-हापुड़ मार्ग पर कार सवार चार बदमाशों ने व्यापारियों की कार को ओरवटेक कर रुकवा लिया। गन प्वाइंट पर लेते हुए व्यापारियों से कैश से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद बदमाश मोदीनगर की तरफ भागे।
दिनदहाड़े हुई इस लूट की सूचना कंट्रोल रूम से फ्लैश होते ही आईजी जोन आलोक शर्मा और डीआईजी रेंज आशुतोष कुमार ने गाजियाबाद, नोएडा और बुलंदशहर जिलों को अलर्ट करते हुए बदमाशों की घेराबंदी के निर्देश दिए। लूट के बाद बदमाश जब गंगनहर कांवड़ मार्ग पटरी पर पहुंचे तो मोदीनगर पुलिस की चेकिंग देखकर कार वहीं छोड़कर नगला मूसा गांव के खेतों में घुस गए और चौकीदार शीशपाल को खेत में बंधक बना लिया।
इस बीच बाइक से पीछा करते हुए पहुंचे सिपाही अनिल चौधरी ने बदमाशों को ललकारा तो बदमाशों ने सिपाही को गोली मारते हुए उसकी राइफल लूट ली। बदमाश वहां कैश से भरा बैग छोड़कर सौंदा गांव के पप्पू त्यागी के ईख के खेत में घुस गए।
ज्वाइंट टीम ने संभाली कमान
सिपाही को गोली मारने की जानकारी लगते ही डीआईजी, एसएसपी गाजियाबाद धर्मेंद्र सिंह यादव, एसपी देहात मेरठ कैप्टन एमएम बेग सहित दोनों जिलों की फोर्स ने खेतों की घेराबंदी कर ली। करीब 3:30 घंटे चली मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से बदमाश प्रदीप और विकास घायल हुए। तीसरे लुटेरे ने आत्मसमर्पण कर दिया तो चौथा पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से लूटी गई रकम, राइफल,9 एमएम की दो पिस्टल और लूट की कार बरामद की है।