ललितपुर। बुधवार की रात अपने गुर्गों के साथ पत्रकार पर हमलाकर रंगदारी मांगने वाले पार्षद व उसके साथियों पर डकैती का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला सिविल लाइन निवासी पत्रकार अमित सोनी बुधवार की रात करीब पौने दस बजे मुहल्ला लक्ष्मीपुरा से होते हुए मवेशी बाजार जा रहे थे।
मुहल्ला लक्ष्मीपुरा स्थित नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष जायसवाल के घर के सामने पार्षद भैय्या यादव ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर अमित को रोक लिया और पार्षद ने साथियों सहित हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद पार्षद और उसके साथी पचास हजार रुपए न देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण सिंह को दी। एसपी के निर्देश पर मौके पर कोतवाली पुलिस ने पहुंचकर एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पत्रकार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुहल्ला
पिसनारी निवासी पार्षद भैय्या यादव, मुहल्ला घुसयाना निवासी सोनू खटीक, गोलू, महेंद्र यादव व तीन अज्ञात लोगों पर डकैती व मारपीट की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। पुलिस ने दो आरोपियों सोनू व गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। पार्षद व अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
प्रेस क्लब पहुंचे कोतवाल
पत्रकार पर हमले की जानकारी मिलने पर बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब में सभी पत्रकार एकत्रित होकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने प्रेस क्लब पहुंचकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद सभी पत्रकारों ने कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी। इस दौरान प्रेस क्लब संरक्षक सुरेंद्र नारायण शर्मा, अध्यक्ष राजीव बबेले, महामंत्री मो नसीम, कोषाध्यक्ष संदीप शर्मा, विजय जैन कल्लू, वीरेंद्र पुरोहित, अनूप मोदी, संजीव बजाज, सतेंद्र सिंह, बृजेश पंथ, बंटी जैन, विकास त्रिपाठी, अभय श्रीमाली मौजूद रहे।
पार्षद का विवादों से है नाता
पार्षद भैय्या यादव का विवादों से नाता रहा है। कुछ दिन पहले ही कोतवाली के मुहल्ला पिसनारी की महिलाओं व बुजुर्गों के साथ मारपीट कर लाखों रुपये की जमीन हड़पने का आरोप लगा था।
इसमें पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। इसके अलावा हर्ष फायरिंग में उसका शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त हो चुका है। जिला चिकित्सालय के पास स्थित ढाबा पर हंगामा का भी मुकदमा पार्षद व उसके साथियों पर हो चुका है।
घटनास्थल पर थी पुलिस की ड्यूटी
पत्रकार के साथ जिस जगह मारपीट हुई, वह स्थान नगर पालिकाध्यक्ष सुभाष जायसवाल के घर सामने है। पालिकाध्यक्ष के इसी घर में सोमवार की रात को आगजनी को अंजाम दिया गया था। मंगलवार रात को उनके विवाह घर में आगजनी के प्रयास व चौकीदार पर हमले की घटना के बाद से उनके प्रतिष्ठानों व आवासों पर पुलिस कर्मी नियुक्त कर दिए गए थे।
मुहल्ला लक्ष्मीपुरा स्थित पालिकाध्यक्ष के घर पर भी पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे, लेकिन बुधवार की रात पार्षद भैय्या यादव अपने साथियों के साथ पूरे मुहल्ले में दबंगई दिखाता रहा और पालिकाध्यक्ष के घर के सामने से गुजरने वाले लोगों के साथ मारपीट करता रहा। लेकिन, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई भी पुलिस कर्मी नजर नहीं आया।