गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस और जांच एजेंसी ने शनिवार को शहर में होटल, ढाबों की जांच की। हाईवे पर वाहनों की चेकिंग देर रात तक जारी थी।
गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आतंकी हमले के इनपुट के बाद एनसीआर और उत्तराखंड के जनपदों में अलर्ट किया गया है। पाक से वीजा पर आए नागरिकों की पड़ताल की जा रही है कि वह मौके पर हैं या नहीं। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के एक होटल में कुछ कश्मीरी युवकों के मिलने के बाद शनिवार को भी मेरठ में चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस और जांच एजेंसियों ने संयुक्त रूप से शहर के होटल और ढाबों में जाकर जांच पड़ताल की। होटल में रुके लोगों के बारे में जानकारी ली गई और रिकॉर्ड चेक किया गया। देर शाम परतापुर बाईपास के पास पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की।
एसपी सिटी ओमप्रकाश ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर चेकिंग की गई, सब जगह व्यवस्था ठीक मिली। उधर, मुख्यालय के निर्देश पर आल्टो कार की तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। एसपी सिटी ओमप्रकाश ने बताया कि गणतंत्र दिवस के कारण पुलिस प्रशासन ने मुख्यालय से एटीएस की डिमांड की थी। संभावना है कि रविवार को लखनऊ से एटीएस की टीम यहां आ जाएगी।