शहर में महिलाओं से पर्स, चेन और मोबाइल लूट करने वाले तीन बदमाशों को टीपीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गैंग में शामिल बदमाश बीते एक माह में 50 से वारदात कर चुके हैं। ये लोग लूटे गए महंगे मोबाइल टीपीनगर में बेचते थे। वहीं गिरोह के चार युवक फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस लाइन में एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी और सीओ ब्रहमपुरी धर्मेन्द्र चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार रात इंस्पेक्टर टीपीनगर सचिन मलिक बागपत रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच पुलिस ने जांच के लिए पल्सर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि तीनों युवक महिलाओं से लूट करने वाले गैंग में शामिल हैं। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सूरज पुत्र रतन सिंह विकास नगर थाना टीपीनगर, अजय पुत्र विनोद कुमार निवासी शिवपुरम थाना टीपीनगर और विवेक उर्फ टीटू पुत्र नानक निवासी एकता विहार टीपीनगर हैं। आरोपियों के पास से तीन महंगे मोबाइल, पल्सर बाइक, चाकू, सोने के कुंडल और नकदी बरामद हुई है। चार आरोपी अक्षय, सचिन, अमित निवासी चौहानपुरी और अजय निवासी मोहकमपुर फरार हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कंकरखेड़ा, दिल्ली रोड, बागपत रोड, ब्रहमपुरी में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया। लूट के मोबाइल अमित के माध्यम से गाजियाबाद के युवक को बेचते थे।
व्यापारी का बेटा है शामिल: इंस्पेक्टर टीपीनगर सचिन मलिक ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी अजय सीमेंट व्यापारी का बेटा है। वह प्रेमिका के शौक पूरे करने के लिए सूरज के साथ जुड़ गया था। लूट के लिए नीली, लाल और काली पल्सर का अलग-अलग दिन इस्तेमाल करते थे।