पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के एजेंट मोहम्मद इजाज से बरामद किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच पुलिस कर चुकी है। पुलिस ने पूरे मामले में तथ्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट को आधार मानते हुए चार्जशीट तैयार की है, जिसको पुलिस मंगलवार को कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करेगी।
सोमवार को पुलिस चार्जशीट के मामले में पुलिस के उच्च अधिकारियों से एक गोपनीय मीटिंग भी करेगी। माना जा रहा है कि पुलिस चार्जशीट के अनिवार्य समय (90 दिन) पूरा होने से एक दिन पूर्व 23 फरवरी को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करेगी। मेरठ समेत कई छावनियों के गोपनीय दस्तावेजों के साथ 27 नवंबर 2015 को कैंट स्टेशन के पास से एसटीएफ ने पाकिस्तान निवासी मोहम्मद इजाज को गिरफ्तार किया था।
उसके पास से मोबाइल, पेनड्राइव, लैपटॉप समेत कई दस्तावेज बरामद किए थे। जिनकी सीबीआई की फोरेंसिक लैब से जांच रिपोर्ट भी आ चुकी है। अभी तक पुलिस ने चार्जशीट के लिए पूरी रिपोर्ट तैयार की है। विवेचना सदर थाने के एसआई धर्मेंद्र कुमार कर रहे हैं। इंस्पेक्टर सदर बाजार गजेंद्रपाल सिंह का कहना है कि चार्जशीट तैयार की जा चुकी है। जिसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।