एसएसपी ऑफिस पर हंगामे के दौरान हाथ जोड़कर हत्याकांड के खुलासे की मांग करती इमरान की मां।
- फोटो : अमर उजाला
थापर नगर में हुई बीमा एजेंट इमरान की हत्या का खुलासा न होने पर मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। ग्रामीणों ने एसएसपी ऑफिस से लेकर सदर बाजार थाने तक हंगामा किया। एसएसपी ऑफिस के सामने जाम लगाने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। इंस्पेक्टर सदर ने आश्वासन दिया कि 72 घंटे में केस का खुुलासा कर देंगे।
गांव रुकनपुर मोरना, भावनपुर निवासी इमरान की दो मार्च को सदर बाजार क्षेत्र की थापर नगर में हत्या कर 1.18 लाख रुपये और स्कूटी लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। छह दिन बाद भी सदर पुलिस हत्यारों का सुराग तक नहीं लगा सकी। इमरान के परिजन और ग्रामीण पहले एसएसपी ऑफिस पहुंचे। ग्रामीणों ने सदर पुलिस के खिलाफ जमकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। एसएसपी ऑफिस पर कोई अधिकारी न मिलने पर ग्रामीण सदर बाजार थाने पहुंचे और नारेबाजी करते धरना देकर बैठ गए। इस दौरान थाना पुलिस से ग्रामीणों की नोकझोंक हो गई। इंस्पेक्टर सदर बाजार गजेंद्र पाल सिंह द्वारा 72 घंटे में इस हत्याकांड का खुलासा करने का आश्वासन मिलने पर ग्रामीण लौटे। इस दौरान ग्राम प्रधान गजेंद्र सिंह, सरवर, जफर, जावेद, अफजाल, साजिद, असलम, सोनू और महताब समेत कई लोग मौजूद रहे।
3.50 लाख कॉल्स में हत्यारों की तलाश
बीमा एजेंट हत्याकांड खोलने में फेल साबित हो रही पुलिस ने अब दावा किया है कि जिस दौरान इमरान की हत्या हुई, घटनास्थल के आसपास के मोबाइल टॉवरों से करीब 3.50 लाख मोबाइल कॉल्स का रिकॉर्ड लिया गया है। पुलिस हर एक कॉल की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि उक्त कॉलों की जांच में इमरान के हत्यारों का पता चल जाएगा।